बहराइच। होमगार्ड पद के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा शनिवार से जिले के नौ केंद्रों पर शुरू होगी। 3600 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि शहर के आर्य कन्या इंटर कॉलेज व जवाहर नवोदय विद्यालय कीर्तनपुर में 240-240 परीक्षार्थी इम्तिहान देंगे। इसके अलावा आजाद इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय बालक इंटर कॉलेज, महाराज सिंह इंटर कॉलेज तथा वैद्य भगवानदीन गांधी इंटर कॉलेज में 384-384 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। चौधरी सियाराम इंटर कॉलेज फखरपुर व सरस्वती इंटर कॉलेज रिसिया में 480-480 युवा शामिल होंगे। डीआईओएस सर्वदानंद ने बताया कि सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।
नकल कराने पर एक करोड़ जुर्माना
डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को बताया कि नकल कराने पर एक करोड़ रुपये जुर्माना और आजीवन कारावास का प्रावधान है। इसलिए सभी केंद्र व्यवस्थापक पूरी संवेदनशीलता के साथ परीक्षा संपन्न कराएं। परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित होगी। परीक्षा में 100 प्रश्न (जीके) के लिए 2 घंटे का समय (ओएमआर आधारित) मिलेगा, जिसमें नेगेटिव मार्किंग नहीं है। परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। उम्मीदवारों को दो घंटे पहले केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। साथ में प्रिंटेड एडमिट कार्ड और वैध फोटो आईडी प्रूफ जैसे आधार लाना अनिवार्य है।