नानपारा। जमीन के विवाद में युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने बुधवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा और एक भाला भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
लीलापुरवा गांव निवासी विनोद कुमार पर गत 12 मई को जमीन विवाद में जानलेवा हमला किया गया था। आरोप है कि गांव निवासी राधेश्याम ने विवाद के दौरान विनोद को गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के दौरान राधेश्याम के साथ मौजूद धनीराम, राममूरत, शंकर समेत अन्य लोगों ने विनोद के भाई प्रमोद कुमार, कैलाश और रामरूप की भी पिटाई की थी। प्रमोद कुमार की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। थाना प्रभारी राजनाथ सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बंजरिया नहर पुल के पास घेराबंदी कर राधेश्याम, शंकर और विद्याधर निवासी लीलापुरवा को गिरफ्तार कर लिया।