बहराइच। बकरीद का त्योहार सोमवार को जिले में शांति व सौहार्द के बीच मना। विभिन्न ईदगाहों व मस्जिदों में हजारों लोगों ने नमाज पढ़कर देश, प्रदेश व समाज में अमन-चैन और सुख समृद्धि की दुआ मांगी। गले मिलकर शुरू हुआ बकरीद की बधाई का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। कुर्बानी का दौर भी निरंतर चल रहा है। यह करीब तीन दिनों तक चलता है।
बकरीद की नमाज के लिए मुस्लिम समाज के लोग सोमवार को काफी उल्लसित थे। सुबह शहर के मोहल्ला सलारगंज स्थित ईदगाह व दरगाह शरीफ ईदगाह में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चे, बूढ़े व युवा सभी उत्साहित दिखे। शहर की अलग-अलग मस्जिदों में नमाज का सिलसिला सुबह 6:45 बजे ही शुरू हो गया। लेकिन ईदगाह में नमाज अदा करने का उत्साह लोगों में अलग ही दिखाई पड़ा। अकीदत के साथ लोगों ने नमाज पढ़ी।
इसके अलावा दरगाह शरीफ की ईदगाह व शिया जामा मस्जिद में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। ईदगाह सलारगंज के मुख्य द्वार पर स्थापित टेंट में जिलाधिकारी शंभु कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, एडीएम रामसुरेश वर्मा, एएसपी अजय प्रताप, नगर मजिस्ट्रेट जयप्रकाश, पूर्व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष हाजी रेहान आढ़ती, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर टीएन दूबे, थानाध्यक्ष देवेंद्र श्रीवास्तव ने लोगों के गले मिलकर उन्हें बकरीद की बधाई दी।
नमाज खत्म होने के साथ ही कुर्बानियों का सिलसिला शुरू हुआ। इसमें भेड़, बकरा, भैंस आदि मवेशियों की कुर्बानी दी गई। बकरीद पर्व पर मुस्लिम धर्मावलंबियों ने एक-दूसरे के घर जाकर लोगों को मुबारकबाद दी। इस अवसर पर लोगों के घरों में बकरीद मुबारक के मौके पर पकवान भी बनाये गये, जिसका लोगों ने लुत्फ उठाया।
बकरीद के अवसर पर सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किये गये थे। नमाज शुरू होने से लेकर शाम तक विभिन्न मस्जिदों व सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। रिसिया के रविदासनगर में ईदगाह में नमाज पढ़कर देश व प्रदेश के साथ जिले में अमन-चैन की दुआ मांगी गई।
इस मौके पर चेयरमैन महमूद अहमद, हाजी वसीम शेरवानी, रईस खां, बब्बे भाई, मारुफ अहमद, दिलशाद अहमद, सरोज सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेश सिंह, एसओ मधुपनाथ मिश्रा आदि मौजूद रहे। उधर, नवाबगंज के ईदगाहों में ईद-उल-अजहा की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जानवरों की कुर्बानी दी। इसके बाद सभी ने कौम व देश की सलामती के लिए खुदा से दुआ मांगी।
उधर, बकरीद का त्योहार नानपारा में भी परंपरागत रूप से मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने नगर की विभिन्न मस्जिदों तथा ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। इस मौके पर शांति व्यवस्था के लिए एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह, एसडीएम डॉ. संतोष उपाध्याय, सीओ अरुणचंद्र व प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, चेयरमैन अब्दुल मोहीद राजू, ईओ अशोक कुमार तिवारी आदि मौजूद रहे। नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।