हरदी के कोपचंदपुर में मकान में चोरी के बाद बिखरा सामान।
महसी/बौंडी। हरदी थाना क्षेत्र के गोपचंदपुर गांव में चोरों ने सोमवार रात दो घरों से नकदी व लाखों जेवर पार कर दिए। वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। पीड़ितों ने करीब 35 लाख की संपत्ति चोरी होने की बात कही है।
गांव निवासी अतुल तिवारी सोमवार रात परिजनों के साथ घर की छत पर सो रहे थे। देर रात घर में घुसे चोर बक्सों तथा अलमारियों के ताले तोड़कर छह लाख नकद, करीब 80 ग्राम सोने के जेवर और चांदी के गहने उठा ले गए। सुबह जागने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
इसी तरह गांव निवासी कोटेदार मनीष बाजपेई भी परिवार के साथ छत पर सो रहे थे, तभी चोर उनके घर से करीब 80 ग्राम सोने के जेवर, चांदी के गहने व तीन लाख रुपये नकद उठा ले गए। दोनों पीड़ितों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ग्रामीणों आक्रोश जताते हुए कहा कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में पुलिस को रात्रि गश्त बढ़ाकर इन वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाना चाहिए। थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि घटना का खुलासा कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।