फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: मां के साथ सो रहे मासूम को दबोच ले गया भेड़िया

Fri, 19 Jul 2024 12:09 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
महसी में भेड़िए के हमले में मासूम की मौत के बाद लोगों से वार्ता करते रेंजर। -संवाद
विज्ञापन
रात भर तलाश के बाद सुबह गांव के बाहर मिला क्षत-विक्षत शव
विज्ञापन

भेड़िए की तलाश में गश्त कर रही वन टीम, ग्रामीणों में दहशत

संवाद न्यूज एजेंसी

महसी (बहराइच)। हरदी थाना क्षेत्र में बुधवार की रात मां के साथ सो रहे डेढ़ वर्षीय मासूम बालक को भेड़िया उठा ले गया। मासूम के रोने की आवाज सुन उठे परिजनों ने उसका पीछा किया लेकिन भेड़िया उसे दबोच कर झाड़ियों में गायब हो गया। सूचना पर पहुंची वन टीम व पुलिस ने परिजनों के साथ रात भर मासूम की तलाश की। बृहस्पतिवार की सुबह गांव से थोड़ी दूरी पर बालक का आधा खाया हुआ क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। वन टीम गांव में गश्त कर भेड़िए की तलाश में जुटी है।

बहराइच वन प्रभाग के हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिकंदरपुर के मजरा मक्कापुरवा निवासी अख्तर रजा (डेढ़ वर्ष) बुधवार की रात मां मैशरुन के साथ घर के बाहर सो रहा था। ग्रामीणों की मानें तो इस दौरान देर रात करीब 10 बजे पहुंचे भेड़िए ने उसे दबोच लिया। अख्तर के चीखने की आवाज सुन मैशरुन जग गई और उसने शोर मचाया। बेटे को भेड़िए के मुंह में दबा देख पिता अली अहमद की भी चीख निकल गई। उन्होंने बेटे को भेड़िए के चंगुले से छुड़ाने का प्रयास किया। लेकिन भेड़िया मासूम बच्चे को दबोच कर खेतों की ओर भाग गया। परिजनों की चीख सुन इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने मासूम की तलाश शुरू की और घटना की जानकारी वन विभाग व पुलिस टीम को दी। सूचना पर पहुंचे रेंजर मोहम्मद शाकिब व पुलिस टीम भी रात भर परिजनों के साथ खेतों व झाड़ियों की खाक छानती रही, लेकिन मासूम का कुछ अता पता नहीं चला। तलाश के दौरान सुबह अख्तर का क्षत-विक्षत शव गांव से लगभग 800 मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में पड़ा मिला। भेड़िया बालक के पेट के नीचे का हिस्सा खा गया था।
विज्ञापन



शव देख अचेत हुई मां
बेटे का क्षत-विक्षत हालत में शव देख मां मैशरुन अचेत हो कर गिर गई। वहीं जब उसे होश आया तो बेटे का आधा खाया हुआ शव देख दहाड़ें मार कर रोने लगी। वहीं परिजनों में भी कोहराम मच गया। ग्रामीणों में बताया कि मैशरुन व अली अहमद के दो बेटे थे। मृतक अख्तर छोटा था, जबकि उससे बड़ा बेटा अलीराजा पांच साल का है। छोटा होने के नाते अख्तर सभी का दुलारा था।


दहशत में ग्रामीण, पिंजरा लगाने की मांग
भेड़िए द्वारा डेढ़ वर्षीय मासूम को निवाला बनाए जाने के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। भेड़िए के दोबारा हमला करने की आशंका में ग्रामीण दिन के समय भी बच्चों को बाहर निकलने से रोकते नजर आए। वहीं ग्रामीणों ने पिंजरा लगाकर जल्द से जल्द भेड़िए को पकड़ने की मांग की।

सोमवार को भी भेड़िए के हमले में घायल हुआ था बालकमहसी तहसील क्षेत्र में बीते सोमवार को गदामारखुर्द गांव में सोते समय आठ वर्षीय बालक पर भेड़िए ने हमला कर दिया था। दुखहरन पाल के आठ वर्षीय पुत्र सोनू पर हुए हमले से सिर व गले में चोट लगी है। बच्चे की चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों के शोर मचाने पर भेड़िया भाग निकला था। कई दिनों से क्षेत्र में भेड़िया सक्रिय है लेकिन इसके बाद भी वन विभाग ने इसे पकड़ने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। इसी का नतीजा रहा कि भेड़िए के हमले में बुधवार रात एक बच्चे की जान चली गई है।
विज्ञापन




जल्द पकड़ा जाएगा भेड़िया, परिजनों की होगी हर संभव मदद

सूचना मिलते ही रात में टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे। मासूम की मौत दुखद है। जल्द भेड़िए को पकड़ा जाएगा, मौक पर टीम भेड़िए की तलाश कर रही है। परिजनों को 5000 रुपये की फौरी सहायता राशि दी गई है, उचित मुआवजा भी दिलाया जाएगा। -मोहम्मद शाकिब, वन रेंजर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें