परागपुरवा में वन्यजीव के हमले में बच्ची की मौत के बाद जांच करती पुलिस व जमा लोग। - स्रोत : ग्
बहराइच/तेजवापुर। परागपुरवा गांव में मंगलवार रात दरवाजे पर खाना खा रही मासूम को अचानक आए एक वन्यजीव ने दबोच लिया। परिवार के लोग दौड़े, लेकिन तब तक वन्यजीव बच्ची को लेकर खेत में भाग गया। रातभर खोजबीन के बाद परिजनों ने सुबह गन्ने के खेत में उसका क्षत-विक्षत शव पाया।
परागपुरवा गांव निवासी रामजीत की चार वर्षीय बेटी ज्योति मंगलवार रात करीब नौ बजे घर के बाहर दरवाजे पर अपने बाबा के साथ खाना खा रही थी, तभी अचानक एक वन्यजीव वहां आ धमका और बच्ची को दबोचकर खेतों की ओर ले भागा। परिजनों और ग्रामीणों ने पीछा किया, लेकिन बच्ची का कुछ पता नहीं चला।
परिजन रातभर खोजबीन करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह घर से करीब 400 मीटर दूर गन्ने के खेत में बच्ची का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। बताया जा रहा है कि वन्यजीव बच्ची का एक हाथ खा गया। बच्ची के शव को देखते ही मां बेहोश हो गई, अन्य परिजन भी बिलख उठे।
एसडीएम कैसरगंज अखिलेश सिंह, तहसीलदार और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। वन विभाग की टीमें हिंसक वन्य जीव की तलाश में जुट गई हैं। रेंजर ओमकार यादव ने बताया कि वन्यजीव के पग चिह्न बहुत साफ नहीं दिख रहें हैं। फिलहाल वन विभाग की पूरी टीम वन्यजीव की तलाश में जुटी हुई है। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।
महिलाओं पर भी हमला करने की कोशिश
बच्ची की मौत से गांव में दहशत का माहौल है। गांव की महिलाओं ने बताया कि जब वे बच्ची के घर संवेदना व्यक्त करने जा रही थीं, तभी झाड़ियों में छिपे वन्यजीव ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा संख्या में होने की वजह से महिलाएं बच गईं और शोर मचाने पर वन्यजीव खेत की ओर भाग गया।