बिछिया (बहराइच)। गिरिजापुरी-कैलाशपुरी मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास रविवार देर शाम बीच सड़क पर करीब एक घंटे तक बाघ बैठा रहा। इससे मार्ग पर आवागमन बंद हो गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रहीं। सड़क पर बाघ के आने से लोग सहमे रहे। बाघ के जंगल में जाने के बाद ही आवागमन बहाल हो सका।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के गिरिजापुरी-कैलाशपुरी मार्ग पर पेट्रोल पंप स्थित है। इससे कुछ दूरी पर ही जंगल से निकलकर एक बाघ रविवार देर शाम सड़क पर आकर बैठ गया। सड़क पर बाघ को बैठा हुआ देखकर लोग सहम गए। इस दौरान राहगीर रास्ते से गुजर रहे थे। वह सभी वहीं पर ठिठक गए। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी पीयूष मोहन श्रीवास्तव, वन दरोगा मनोज पाठक और यमुना विश्वकर्मा ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर आवागमन दोनों तरफ से बंद करा दिया। राहगीर रामसजन, तारिक, रिजवान, वहीद आदि ने बताया कि बाघ लंगड़ाकर चल रहा था। ऐसे में उसके पैर में चोट लगे होने की संभावना है।
इसी के चलते वह मार्ग पर आकर बैठ गया था। करीब एक घंटे तक बाघ सड़क पर ही डटा रहा। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि वनकर्मियों की एक टीम गश्त पर लगाई गई है। वह बाघ के मूवमेंट पर नजर रखेगी।