मटेरा (बहराइच)। सड़क किनारे बाइक खड़ी कर लघुशंका कर रहे गल्ला व्यापारी की बाइक से बाइक सवार तीन बदमाशों ने बैग उड़ा दिया। बैग में 1.32 लाख रुपये थे। गल्ला व्यापारी ने मटेरा थाने में तहरीर देकर बदमाशों की गिरफ्तारी व माल बरामदगी की मांग की है।
मटेरा बाजार निवासी संदीप कुमार गल्ला कारोबारी हैं। संदीप श्री जंगलीनाथ मंदिर के पास गल्ला खरीद करते हैं। रविवार की देर रात लगभग एक बजे वह गल्ला की खरीद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इस दौरान असवा मोहम्मदपुर पेट्रोल पंप से लगभग 100 मीटर आगे वह बाइक खड़ी कर लघुशंका करने लगे। इस दौरान पहुंचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनके बाइक से रुपयों से भरा बैग उड़ा दिया। पीड़ित संदीप कुमार ने बताया कि बैग में 1,32,000 रुपये नकदी थी। बाइक पर तीन बदमाश सवार थे और बाइक के पीछे से नंबर प्लेट गायब थी। तीनों बैग लेकर मटेरा चौराहा की तरफ भाग गए। गल्ला व्यापारी के साथ हुई घटना के बाद से स्थानीय व्यापारी सहमे हुए हैं और पुलिस की गश्ती पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
तीन दिन पहले थाने से 500 मीटर की दूरी पर हुई थी चोरी
मटेरा क्षेत्र में अचानक चोरों की सक्रियता बढ़ गई है। व्यापारी की नकदी उड़ाने के तीन दिन पहले ग्राम पंचायत भौखारा में चोरों ने धावा बोला था। चोरों ने ग्रामीण प्रमोद मिश्रा के घर से 90 हजार की नकदी सहित लगभग चार लाख के आभूषण पार कर दिए थे। इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। वहीं अब व्यापारी के साथ हुई घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
घटना की छानबीन की जा रही है। जल्द व्यापारी के रुपये उड़ाने वालों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा। -राजकुमार पांडेय, थाना प्रभारी