बहराइच के मोहल्ला गुदड़ी किला में सजा भगवान गणेश का दरबार व आरती करते भक्त।
- फोटो : अमर उजाला
विघ्नविनाशक गणपति के जयकारों से पूजा पंडाल गुंजायमान हो रहे हैं। पंडालों में रात में आरती के लिए आस्था और श्रद्धा की भीड़ उमड़ रही है। शहर और गांव में गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से माहौल भक्तिमय है। ब्राह्मणीपुरा में श्री गणेश पूजा महोत्सव समिति के तत्वावधान में मुंबई से लाई गई गणपति की पूजा अर्चना हो रही है।
अध्यक्ष राधारमन यज्ञसैनी, राजेंद्र गुप्ता, हरिकिशन, राजकमल गुप्ता आदि व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। वहीं वशीरगंज में श्री गणपति पूजन महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष रस्तोगी और महमंत्री हिमांशु गुप्ता की अगुवाई में पूजा हो रही है। मोहल्ला गुदड़ी स्थित श्री ज्वाला देवी मां मंदिर में नवयुवक श्री गणेश पूजा महोत्सव समिति की ओर से प्रतिमा की स्थापना की गई।
यहां राजेंद्र यज्ञसैनी, सीताराम यज्ञसैनी, करन जैन भानू आदि व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। मोहल्ला सखैयापुरा मेें, खत्रीपुरा स्थित मंदिर, वजीरबाग में भी गणेश प्रतिमाओं की पूजा अर्चना से महौल भक्तिमय है। रिसिया में इंदिरा नगर स्थित हनुमान मंदिर, शास्त्री नगर स्थित संतोषी माता मंदिर और चरसिया बाबा की कुट्टी पर भगवान गणेश की प्रतिमाओं की रात में आरती विधिविधान से हुई।
उधर नानपारा में रेलवे स्टेशन रोड पर पूजा अर्चना विधि-विधान से हुई। हरदी गौरा स्थित सरस्वती बाल विद्या मंदिर परिसर में गणेशोत्सव मनाया जा रहा है। अध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्या, प्रबंधक करुणाशंकर मौर्य आदि ने बताया कि प्रतिदिन पूजन अर्चन किया जा रहा है।
मिहींपुरवा के आजाद नगर मोहल्ले में गणेश पूजा चल रही है। अयोध्या से आए संदीप आचार्य द्वारा रात्रि जागरण एवं झांकी प्रस्तुत की गई। समिति अध्यक्ष रवि प्रकाश मदेशिया व महामंत्री संतोष पोरवाल ने बताया कि बुधवार को महिला संगीत के साथ महाभोग का आयोजन हुआ।