बहराइच। जिले में गर्मी के तेवर लगातार तल्ख होते जा रहे हैं। रविवार को भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा, जिससे चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालात ऐसे रहे कि दोपहर में शहर की सड़कें सूनी नजर आईं और लोग घरों में ही कैद रहने को मजबूर दिखे।
सुबह से तेज धूप के चलते लोगों ने घर से निकलने में परहेज किया। रविवार होने के कारण कामकाजी लोगों के साथ बच्चों ने भी बाहर निकलने से दूरी बनाई। इसका असर शहर के चौक बाजार, छावनी बाजार, दरगाह, पानी टंकी चौराहा, डिगिहा और पीपल चौराहा पर साफ दिखाई दिया, जहां दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा।
अक्षय तृतीया जैसे पर्व के बावजूद दोपहर में बाजारों में चहल-पहल कम रही, जबकि जो लोग बाहर निकले, वे ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर राहत तलाशते नजर आए।
हवा न चलने से गर्मी का असर और अधिक बढ़ गया। घरों के अंदर भी लोग पसीने से तरबतर दिखे और पंखा व कूलर ही राहत का सहारा बने रहे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन की तुलना में एक डिग्री ज्यादा है।
मौसम विज्ञानी डॉ. पीएल त्रिपाठी के मुताबिक, अगले तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी के संकेत हैं, जिससे गर्मी और अधिक परेशान कर सकती है।
-
बाजार में कूलर और एसी की मांग बढ़ी
गर्मी बढ़ने के साथ कूलर और एसी की मांग में तेजी आई है। चौक बाजार के दुकानदार राजेश इलेक्ट्रॉनिक्स और छावनी बाजार के मोहित ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में कूलर और एसी की बिक्री दोगुनी हो गई है। कूलर की डिमांड अधिक है।
-
चिकित्सकों की सलाह
मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. पी तिवारी ने कहा कि बढ़ती गर्मी में लू लगने का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीना चाहिए और धूप में निकलने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मौसम में बच्चों को बाहर ले जाने से बचें।
-
बरतें यह सावधानी
-दोपहर 12 से तीन बजे तक धूप में निकलने से बचें।
-अधिक पानी और तरल पदार्थ लें।
-हल्के व सूती कपड़े पहनें।
-बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
-लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
-
बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी
भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से कूलर और पंखे भी बेअसर हो रहे हैं। उपभोक्ताओं ने नियमित आपूर्ति की मांग की है।