रानीपुर (बहराइच)। जलनिकासी न होने व मार्ग पर घुटनों तक पानी भरने के चलते हुजूरपुर ब्लॉक का कुट्टी बाजार से खुटेहना चौराहा जाने वाला मार्ग दुर्घटना का कारण बन रहा है। हल्की सी बारिश के बाद मार्ग तालाब की सूरत ले लेता है। ऐसे में मार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरने से राहगीर गड्ढों को नहीं देख पाते हैं और गिरकर चोटिल हो रहे हैं। जिसको लेकर रविवार को स्थानीय निवासियों व राहगीरों को आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने कीचड़युक्त पानी में खड़े होकर प्रदर्शन किया और जल्द ही मार्ग सही न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
रानीपुर थाना क्षेत्र के जिगनिया महिपाल सिंह स्थित कुट्टी बाजार से खुटेहना चौराहा जाने वाला मार्ग जर्जर है। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और सड़क की गिट्टी उजड़ गई है। मार्ग किनारे जलनिकासी की समस्या होने के कारण हल्की सी बारिश में ही सड़क तालाब का रुख अख्तियार कर लेती है। जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के दुरुस्तीकरण के लिए कई बार जिले के जिम्मेदारी अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया है, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं किया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह मार्ग लगभग 10 सालों से जर्जर है, जिसके लिए जनप्रतिनिधियों से भी अरदास लगाई गई है। बावजूद इसके मार्ग की हालत सही नहीं हो सकी है, जबकि प्रदेश के मुखिया की ओर से गड्ढा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। ऐसा तब है जब जिगनिया महिपाल सिंह के कुट्टी बाजार में प्रतिदिन हजारों ग्रामीण आते हैं। शनिवार रात हुई बारिश के बाद एक बार फिर सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया, जिसके बाद रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
ग्रामीणों ने सड़क पर भरे पानी में खड़े होकर प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन से सड़क बनवाने की मांग की। साथ ही ग्रामीणों ने समस्या का समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन में डब्लू सिंह, नान बाबू यादव, अनिल जायसवाल, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, राजेश यादव, राजेश मिश्रा, शिवांशु सिंह, हनुमान प्रसाद, मनोज, खुशीराम प्रजापति, सुखदेव, सौरभ सिंह, रियासत अली, संजय मौर्य, हेमू सिंह आदि मौजूद रहे।