बहराइच। मौसम में लगातार उठापटक जारी है। इससे लोग अधिक बीमार पड़ रहे हैं। इससे मेडिकल कालेज में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को इलाज कराने के लिए 1900 से अधिक मरीजों का चिकित्सकों ने इलाज किया। इसमें सामान्य बुखार व श्वास के रोगियों की संख्या बढ़ी है।
लगातार दूसरे दिन भी ओपीडी खुलने के साथ ही मरीजों की संख्या बढ़ी रही। पर्चा काउंटर पर कतारबद्ध लोग अपनी बारी का इंतजार करते रहे। आलम ये रहा कि 11 बजे तक 1120 मरीजों का पर्चा बनाया गया। इसके बाद भी लाइन में लोग खड़े रहे। यही आलम ओपीडी का भी रहा यहां पर सुबह से ही कक्ष के बाहर तक मरीजों व तीमारदारों की भीड़ लगी रही। ओपीडी में सामान्य बुखार, जुकाम, पेट दर्द, उल्टी, दस्त व श्वास के रोगियों की संख्या बढ़ी रही। इसी के साथ ही मलेरिया के मरीज भी इलाज कराने पहुंचे, जिनका चिकित्सकों ने जांच कर इलाज शुरू कर दिया। पैथोलॉजी विभाग में सुबह से लेकर दोपहर तक लगभग 810 मरीजों की जांच के लिए सैंपल लिया गया। इनमे मलेरिया के मरीज भी पाए गए।
बच्चों पर भारी पड़ रहा तेज बुखार
बाल रोग विभाग की ओपीडी में 230 से अधिक मरीजों का उपचार किया गया। इनमें सामान्य बुखार, उल्टी, दस्त व पेट दर्द की समस्या से पीड़ित बच्चों को दवा देकर छुट्टी दे दी गई। वहीं तेज बुखार के मरीजों को भर्ती कर लिया गया है। पीआईसीयू में भर्ती बच्चों में तेज बुखार के कारण झटके आने की भी शिकायत पाई गई है।
कोट-
मेडिकल कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. अरविंद शुक्ला ने बताया कि मौसम में परिवर्तन के साथ ही मरीजों की संख्या बढ़ी है। मेडिकल कालेज में पहुंचे मरीजों का उपचार कर दवा दी गई है। इसी के साथ ही मलेरिया के मरीजों को भी दवा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि बदलते मौसम में सतर्क रहने की जरूरत है।