बहराइच में रविवार को रोडवेज बस अड्डे पर बाहर से बसों द्वारा आ रहे यात्रियों की लगी भीड़।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। रोडवेज बस अड्डे पर बाहर से आए यात्रियों को देखकर जिला प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। उनकी सेवा करने के लिए जिला प्रशासन ने तत्काल शहर में समाजसेवी को फोन किया और उन्हें बाहर से आए हुए यात्रियों को खाना खिलाने के निर्देश दिए। समाजसेवा में लगे लोग सूचना के बाद रोडवेज बस स्टेशन पहुंचकर लगभग एक हजार यात्रियों को खाना खिलाकर उनका पेट भर उनके चेहरे की मुस्कान बने, लेकिन अब सवाल उठता है कि आखिरकार भीड़ देखकर लोगों की सेवा करने वाले जिला प्रशासन खुद इंतजाम न करकेे समाजसेवी को ही क्यों याद किया। जबकि समाजसेवी पूरे शहर में पहले से ही अपनी सेवा दे रहे हैं।
कोरोना के प्रकोप को देखते हुए पीएम की ओर से लॉकडाउन के बाद हर कोई अपने गांव आने को बेताब दिखा। जिसे साधन न मिला, वह ठेलिया या पैदल ही अपने घर के लिए परदेश से रवाना हो गए। प्रदेश सरकार ने बाहर फंसे लोगों के लिए बस की सुविधा कराई तो रविवार को बहराइच रोडवेज बस स्टेशन पर अचानक लगभग एक हजार लोग आ पहुंचे। जिला प्रशासन के दो अधिकारी रोडवेज पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से पूछा कि आप लोग भूखे है?
एक सुर में भूख लगने की आवाज आई तो जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त किए गए अधिकारियों ने तत्काल शहर के समाजसेवियों को फोन पर सूचना दी कि बाहर से काफी लोग बस से आए हैं। यहां पर सभी को भोजन की व्यवस्था करा दीजिए। इस पर समाजसेवियों ने अपने टीम के साथ पहुंचकर यात्रियों को भोजन कराया। भूखे यात्री जैसे ही पेटभर भोजन किए वैसे ही उनका चेहरा खुशी से खिल उठा।
समस्या बताइए, साहब अभी बिजी हैं
जब इस संबंध में नगर मजिस्ट्रेट जय प्रकाश से जानकारी के लिए सीयूजी नंबर पर कॉल किया गया तो किसी अशोक नाम के व्यक्ति ने फोन उठाया और बोले कि आप अपनी समस्या बताइए। साहब अभी बिजी है। जब खाली हो जाएंगे तो उन्हें हम बता देंगे।