शिवपुर विकास खंड में क्षेत्र पंचायत की बैठक में विधायक काे संमानित करतीं ब्लाक प्रमुख।
शिवपुर (बहराइच)। विकासखंड कार्यालय में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक हुई। मुख्य अतिथि नानपारा विधायक राम निवास वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक की शुरुआत की। बैठक की अध्यक्षता ब्लाॅक प्रमुख सरिता यज्ञसैनी ने की। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों व प्रधानों ने बिजली की समस्या व बिजली विभाग के जेई के फोन न उठाने का मुद्दा जोरशोर से उठाया। इस पर विधायक ने जेई सुनील कुमार को कड़ी फटकार लगाई और उन्हें हटाने के लिए शासन को पत्राचार किया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जल निगम द्वारा सड़कों की खोदाई करने व शुद्ध पेयजल न मिलने के मुद्दे को भी जोरशोर से उठाया। इस पर विधायक ने मौजूद जल निगम के अधिकारियों को भी फटकार लगाई और खोदी गई सड़कों को सही करवाने व शुद्ध पेयजल आपूर्ति शुरू करवाने के लिए निर्देशित किया। जन प्रतिनिधियों ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. नलिन राजा से 10 साल से अधिक समय से चिकित्सकों के जमे होने व महिला चिकित्सक डॉ. निशा साही व प्रिया पांडेय के लगातार गायब रहने के संबंध में सवाल किया। लेकिन अधीक्षक कोई जवाब नहीं दे सके। जनप्रतिनिधियों ने कई अन्य विभागों पर सवालिया निशान खड़े किए। बैठक में बीडीओ अनुष्का श्रीवास्तव, पुरुषोत्तम सिंह जायसवाल, घनश्याम सिंह, अमन वर्मा आदि मौजूद रहे।