बहराइच। विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती का अपहरण कर धर्मांतरण करने का दबाव बनाया गया। युवती ने विरोध किया तो उसे मारा पीटा। परिवारीजनों की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर युवती को तलाश लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से गांव के ही विशेष समुदाय के युवक ने शादी करने का दबाव बनाया। युवती व परिजनों ने विरोध किया तो घर में घुसकर परिजनों को मारा पीटा। छह दिन पूर्व घर से किसी काम से निकली युवती को अकेला देख उसका अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि अपहरण के बाद युवती पर धर्मांतरण का दबाव बनाया जा रहा था।
युवती के अपहरण होने की सूचना पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी रही। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को आरोपी राशिद को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा चुका है। एएसपी नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि धर्मांतरण का कोई मामला नहीं था। अपहरण के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर युवती को सकुशल खोज लिया गया।