एंबुलेंस से घायल को ले जाते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
दिगितपुरवा भगवानपुर गांव निवासी एक महिला की तबियत रविवार की रात खराब हो गई। इस पर उसे सीएचसी पयागपुर में भर्ती कराया गया। यहां पर हालत में सुधार न होने पर महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन फोन करने के काफी देर बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिससे महिला की सीएचसी में ही मौत हो गई। मृतका के पति ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर मामले की शिकायत की है।
पयागपुर तहसील अंतर्गत विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के दिगितपुरवा भगवानपुर गांव निवासी स्वामीनाथ की पत्नी ननकई देवी (45) की रविवार की रात अचानक तबियत खराब हो गई। इस पर परिवारीजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर ले गए। यहां पर भर्ती कर महिला का इलाज शुरू किया गया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इस पर चिकित्सकों ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इसके बाद महिला के पति स्वामीनाथ ने 108 नंबर के एंबुलेंस चालक को फोन किया। लेकिन काफी देर बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। जिससे महिला ने सीएचसी परिसर में ही दम तोड़ दिया। परिवारीजन रोते-बिलखते शव लेकर घर चले गए।
वहीं, महिला के पति स्वामीनाथ ने एंबुलेंस के चालक व कर्मचारी पर शिथिलता का आरोप लगाते हुए सीएमओ को पत्र भेजा है। इस बारे में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुणलाल का कहना है कि फोन करने के बाद भी एंबुलेंस के न पहुंचने की जानकारी उन्हें नहीं थी। अब पता चला है। प्रार्थना पत्र मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।