गायघाट (बहराइच)। महादेवा हंसुलिया गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद की शिकायत करने गए दंपती की दबंगों ने पिटाई कर दी। महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पति की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के महादेवा हंसूलिया गांव निवासी राधेश्याम के बच्चों व गांव निवासी लालाराम के बच्चों में खेलने के दौरान विवाद हो गया। राधेश्याम के बच्चों की सभी ने मिलकर पिटाई कर दी। यह बात बच्चे ने अपने घर आकर बताई। बच्चे के पीटने की शिकायत राधेश्याम अपनी पत्नी सोनापति (65) को साथ लेकर लालाराम, आत्माराम व बृजेश यादव के घर शिकायत करने पहुंचे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शिकायत से नाराज दबंगों ने दंपती की पिटाई कर दी। जिसमें महिला को चोट आ गई। आननफानन महिला को लेकर सीएचसी मोतीपुर पहुंचे। जहां पर इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष आरपी यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के पति राधेश्याम की तहरीर पर लालाराम, आत्माराम व बृजेश यादव के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर बृजेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही है।