बहराइच के डिगिहा तिराहे पर व्यापारी युवक की पिटाई के बाद जुटे व्यापारी। -संवाद
बहराइच। शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब पुलिस की मौजूदगी में भी व्यापारी लूटे जाने लगे हैं। सोमवार देर रात डिगिहा तिराहे पर बाइक सवार दबंगों ने कार सवार व्यापारी पर हमला कर सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर व्यापारी को पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
चौंकाने वाली बात यह है कि इस दौरान मौके पर मौजूद चार पुलिसकर्मी तमाशबीन बने खड़े रहे। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। गुलाम अलीपुरा निवासी व्यापारी क्षितिज केडिया ने दरगाह शरीफ थाने की पुलिस को तहरीर देकर आपबीती बताई है।
क्षितिज ने बताया कि सोमवार रात करीब 8:15 बजे वह अपनी कार से डिगिहा तिराहे पर पहुंचे थे। तभी बाइक सवार दो अज्ञात युवक आए और कार रोकने का इशारा किया। जैसे ही उन्होंने शीशा खोला, बदमाशों ने गले पर हमला कर सोने की चेन छीन ली।
क्षितिज के मुताबिक विरोध करने पर हमलावरों ने अपशब्दों का प्रयोग कर पिटाई की, गला दबाकर मारने की कोशिश करते हुए धमकी भी दी। इसी दौरान उनके दो और साथी पहुंच गए।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि वारदात के समय चार पुलिसकर्मी वहां मौजूद थे, लेकिन उन्होंने किसी तरह की कार्रवाई नहीं की। इससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना की खबर मिलते ही देर रात बड़ी संख्या में व्यापारी डिगिहा तिराहे पर जुट गए और हंगामे की स्थिति बन गई।
मौके पर पहुंचे दरगाह थाना प्रभारी राजनाथ सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों और उनकी मदद करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।