मिहींपुरवा (बहराइच)। ग्राम पंचायत गायघाट के मजरा मक्कापुरवा निवासी रामसहारे (60) का शव बुधवार की रात संदिग्ध हालात में नहर के किनारे पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। राम सहारे की मौत के बाद से गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग हत्या कर शव फेंकने की बात कह रहे हैं।
मोतीपुर क्षेत्र के बिचपरी निवासी रामसहारे लगभग दो सालों से मक्कापुरवा निवासी अपने भाई दिनेश बाल्मिकी के घर रहते थे। बुधवार की शाम वह किसी कार्य से घर से निकले थे और उसके बाद वापस घर नहीं लौटे। कुछ देर बाद रामसहारे का शव गांव के श्मशान घाट के पास नहर के किनारे संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। सूचना पर मिहींपुरवा चौकी प्रभारी राघवेंद्र प्रताप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। चौकी प्रभारी ने बताया कि राम सहारे शराब का आदी था। हर पहलू पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।