चरदा (बहराइच)। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के अब्दुल्लागंज वन क्षेत्र में शनिवार की शाम एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस व वन टीम युवक के लकड़ी काटने के लिए जंगल पहुंचने व पेड़ से गिर कर मौत होने की आशंका जता रही है।
रुपईडीहा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोरहिया निवासी नीलू वर्मा (23) का शव शनिवार की शाम संदिग्ध हालात में जंगल में पड़ा मिला। शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी अब्दुल्लागंज रेंज पंकज साहू मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। रुपईडीहा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। वन क्षेत्राधिकारी पंकज साहू ने बताया की कुछ ग्रामीण एक युवक की फोटो लेकर उसकी तलाश कर रहे थे। उनकी सूचना पर शाम लगभग चार बजे पुलिस को सूचना देते हुए उसकी तलाश जंगल में शुरू करवाई गई। इस दौरान जंगल के कंपार्टमेंट नंबर-6 के पास युवक का शव पड़ा मिला। युवक के पास से कुल्हाड़ी मिली है। इससे लग रहा है, कि युवक लकड़ी काटने के लिए जंगल आया था और पेड़ से गिरने से उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। प्रथम दृष्टया पेड़ से गिरने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। - दद्दन सिंह, थाना प्रभारी रुपईडीहा
परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। प्रथम दृष्टया पेड़ से गिरने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। - दद्दन सिंह, थाना प्रभारी रुपईडीहा