मिहींपुरवा (बहराइच)। ग्राम पंचायत चफरिया निवासी छोटेलाल (50) का शव शुक्रवार की देर शाम मुर्तिहा क्षेत्र के हरखापुर गांव के पास खेतोंं में पड़ा मिला। चरवाहों की सूचना पर पहुंची सुजौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
सुजौली क्षेत्र के चफरिया निवासी छोटेलाल के परिजनों ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को कारीकोट में मेला देखने गए थे। पर वापस नहीं लौटे। इसके बाद से उनकी तलाश की जा रही थी। इस दौरान हरखापुर गांव में उनका शव मिलने की सूचना मिली। परिजनोंं ने बताया कि छोटेलाल दिमागी रूप से कमजोर थे, इसलिए उनकी शादी भी नहीं हुई थी। परिजनों ने बताया कि वह रास्ता भटक गए होंगे और जंगल में चलते-चलते 15 किमी दूर हरखापुर पहुंच गए। वहीं मुर्तिहा कोतवाल राम नरेश यादव ने बताया कि हरखापुर में मवेशी चरा रहे चरवाहे सतीश ने सूचना दी थी कि एक अज्ञात ग्रामीण खेत में पड़ा है। उसके ऊपर पानी की छीटे डालने पर वह कोई प्रतिक्रिया नहीं कर रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंच कर जांच की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।