तुलसीपुर। नानपारा क्षेत्र के भवनियापुर रामगढ़ी से लापता हुए युवक का शव बृहस्पतिवार दोपहर सोनवा क्षेत्र में सरयू नहर की मुख्य शाखा में उतराता मिला। पुलिस ने शव नहर से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बहराइच जिले के नानपारा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भवनियापुर रामगढ़ी निवासी दिलीप (22) मंगलवार की शाम घर से निकले थे और फिर घर नहीं लौटे। परिजन रात भर दिलीप की तलाश गांव के आसपास और रिश्तेदारों के घर करते रहे।
दिलीप के न मिलने पर बुधवार सुबह भाई अमित ने कोतवाली नानपारा में तहरीर देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। इस दौरान बृहस्पतिवार दोपहर दिलीप का शव सोनवा क्षेत्र में दिकौली गांव के पास सरयू नहर की मुख्य शाखा में उतराता मिला।
सोनवा थाना प्रभारी बिसुनदेव पांडेय ने बताया कि दिलीप के भाई अमित कुमार की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट से ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।