पयागपुर में पुलिस व लूटकांड के आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में घायल आरोपी को ले जाती पुलिस।
बहराइच/पयागपुर। भूपगंज बाजार निवासी चीनी कारोबारी जितेंद्र केडिया से 10 लाख की लूट का एक आरोपी सोमवार देर रात पुलिस से हुई मुठभेड़ घायल हो गया। पैर में गोली लगने से घायल हुए बदमाश को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने लूट के 65 हजार रुपये, तमंचा व बाइक बरामद की है। बदमाश की पहचान श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र के मधनगर मनोहरपुर निवासी अमरेश यादव के रूप में हुई है।
एएसपी नगर रामानंद कुशवाहा ने बताया कि सोमवार की रात व्यापारी से लूट करने वाले एक बदमाश के हुजूरपुर-पयागपुर मार्ग से गुजरने की सूचना मिली थी। इसके बाद पयागपुर पुलिस व एसओजी की टीम ने अर्जुनपुरवा मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया। हुजूरपुर की ओर से एक संंदिग्ध बाइक सवार आता दिखा। जब उसे रोकने का प्रयास किया तो वह काशीजोत गांव की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने जब घेराबंदी कर उसका पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगने से वह घायल हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। आरोपी ने व्यापारी जितेंद्र केडिया के साथ लूट की बात स्वीकार की है। बताया कि लूट के बाद उसे एक लाख रुपये मिले थे। पुलिस ने इसमें से 65 हजार रुपये आरोपी के पास से बरामद किए।
रेकी कर बनाया था लूट का प्लान
लूटकांड के आरोपी अमरेश यादव ने बताया कि उसके साथ घटना में इकौना के ही दो साथी विजय यादव व धर्मेश शामिल थे। तीनों ने व्यापारी जितेंंद्र केडिया की रेकी की थी और इसके बाद प्लान बनाकर घटना को अंजाम दिया था। लूट के समय विजय यादव बाइक चला रहा था और अमरेश ने व्यापारी पर तमंचा तान कर उसे धमकाया था। वहीं मास्टर माइंड धर्मेश ने व्यापारी के आंख में मिर्ची पाउडर डाल कर रुपयों से भरा बैग छीना था। लूट की राशि में से अमरेश को एक लाख रुपये मिले थे।
साथियों की तलाश में जुटी पुलिस
एएसपी रामानंद कुशवाहा ने बताया कि पकड़े गए बदमाश अमरेश का लंबा आपराधिक इतिहास है। अमरेश पर गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच के थानों में कुल 08 मुकदमे दर्ज हैं। घटना में शामिल दो अन्य अपराधियों की धरपकड़ के लिए भी दबिश दी जा रही है।