बहराइच के मोहल्ला गुदड़ी किला में भगवान गणेश की आरती करते श्रद्धालु। -संवाद
बहराइच। विघ्न विनाशक भगवान गणेश के पूजा पंडाल में कार्यक्रमों की शृंखला शुरू हो गई है। शुक्रवार रात पयागपुर में आकर्षक झांकी और भजनों ने सभी का मन मोह लिया। शहर के ब्राह्मणीपुरा मोहल्ला के पूजा स्थल पर शनिवार को जवाबी कीर्तन के आयोजन की तैयारी पूरी हो गई है।
गणेश चतुर्थी के दिन शहर के छह स्थानों तथा जिले के अन्य लगभग बीस स्थानों पर गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित की गई हैं। इन पूजा स्थलों पर प्रतिमा स्थापना के दो दिन तक भजन, कीर्तन, आरती और दर्शन का सिलसिला चला।
उसके बाद से कार्यक्रम की शुरुआत पयागपुर से हो गई। शहर के बशीरगंज, अग्रसेन चौक, डिगिहा तिराहा, मेडिकल कॉलेज के सामने स्थापित पूजा पंडालों में भी आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा बना ली गई है।
पयागपुर के भूपगंज बाजार स्थित त्रिदेव मंदिर परिसर में श्री गणेश पूजा समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को लकी राज ग्रुप लखनऊ द्वारा राधा कृष्ण की मनमोहक झांकी और भजनों ने लोगों को प्रभावित किया। इस दौरान कृष्ण सुदामा, शंकर गौरा संवाद का अभिनय देखकर खूब तालियां बजीं।
कार्यक्रम से पूर्व महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान समाजसेवी ओम प्रकाश मिश्र ने गणपति बप्पा की आरती उतारी। इस अवसर पर आयोजन समिति के मनोज सोनी, राहुल सोनी, हरेंद्र सिंह व पंकज सोनी आदि मौजूद रहे।