रुपईडीहा। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही मरीजों के उपचार के लिए अलग वार्ड तैयार किए गए हैं। हालांकि अभी तक स्वाइन फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा के प्रभारी डॉ. थानेदार ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर अस्पताल में अलग वार्ड की व्यवस्था की गई है। मरीजों की जांच के साथ उपचार के लिए आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि इन्फ्लुएंजा वायरस से होने वाला यह संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बातचीत के दौरान निकलने वाली बूंदों के माध्यम से फैल सकता है। संक्रमित व्यक्ति के हाथ अथवा उसके इस्तेमाल की वस्तुओं के संपर्क में आने के बाद आंख, नाक या मुंह छूने से भी संक्रमण का खतरा रहता है। भीड़भाड़ और बंद स्थानों में संक्रमण फैलने की आशंका अधिक रहती है।
बुखार, खांसी और गले में दर्द प्रमुख लक्षण
स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में दर्द, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और अत्यधिक थकान शामिल हैं। कुछ मरीजों में उल्टी और दस्त की शिकायत भी हो सकती है। सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, लगातार तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी या हालत बिगड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई है।
पीएचसी रुपईडीहा में भी तैयार किया गया वार्ड
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रुपईडीहा में भी स्वाइन फ्लू के लिए अलग वार्ड बनाया गया है। टीकाकरण सुपरवाइजर सुनील मिश्रा ने बताया कि कोरोना संक्रमण के दौरान बनाए गए कोविड वार्ड को ही अब स्वाइन फ्लू वार्ड के रूप में तैयार किया गया है। किसी संदिग्ध या संक्रमित मरीज के मिलने पर यहां प्रारंभिक उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता का भी दावा किया गया।
सीमा पर सुरक्षा के साथ स्वास्थ्य निगरानी
एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गिरीश चंद्र पांडेय ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य संबंधी एहतियाती कदम भी उठाए जा रहे हैं। रुपईडीहा बीओपी पर नियमित रूप से टीकाकरण शिविर लगाया जा रहा है, ताकि सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों और संबंधित लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।