जरवलरोड। बाइक से शनिवार देररात पति के साथ मायके जाते समय अलीनगर के पास कार की टक्कर लगने से महिला की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि पति को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
सकरौरा गांव निवासी रुकैया (25) अपने पति मुईद (26) के साथ शनिवार रात करीब 11 बजे बाइक से लखनऊ मायके जाने के लिए निकली थीं। अलीनगर के पास पीछे से तेज रफ्तार कार से उनकी बाइक में टक्कर लग गई। इससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कुछ दूर आगे जाकर कार खड़ी कर भाग निकला। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी मुस्तफाबाद पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने रुकैया को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, मुईद की हालत गंभीर देखकर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाली कार बरामद कर ली गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध की मौत
जरवलरोड। बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। जरवलरोड थाना के ग्राम रेतीहाता, नासिरगंज निवासी रामनरेश (65) रविवार सुबह खेत से साइकिल पर घास लेकर अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात वाहन से उन्हें टक्कर लग गई। पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू की गई है। (संवाद)