विशेश्वरगंज (बहराइच)। ग्रामीण समस्याओं को लेकर जिम्मेदार कितना सजग है, इसका उदाहरण ग्राम पंचायत कटोरवा के मजरा आज्ञाराम पुरवा में देखने को मिला है। जहां छह माह से सफाई कर्मी के न आने के कारण गांव में गंदगी का अंबार लगा है। ग्रामीण ने इसकी शिकायत आईजीआरएस पर की तो पंचायत सचिव ने दूसरे गांव की फोटो लगाकर शिकायत को रफा दफा कर दिया। इसे लेकर ग्रामीणोंं में गहरा रोष है।
विशेश्वरगंज विकासखंड के आज्ञारामपुरवा निवासी प्रेमचंद दूबे ने चार अप्रैल 2025 को आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत कर नालियों के चोक होने व गंदगी का आरोप लगाया था। इसमें नालियों की सफाई न होने से जलनिकासी की समस्या होने व घरों का पानी जमा होने की बात कही गई थी। आरोप है कि शिकायत पर साफ-सफाई करवाने की जगह पंचायत सचिव महेश कुमार 18 अप्रैल को दूसरे गांव में सफाई कर रहे कर्मचारी की फोटो लगाकर निस्तारण की फर्जी रिपोर्ट लगा दी। इतना ही नहीं रिपोर्ट में पंचायत सहायक सत्य प्रकाश का फर्जी हस्ताक्षर बनाकर उन्हें गवाह के तौर पर पेश किया गया । जबकि पंचायत सहायक से बात करने पर उन्होंने किसी भी बात की जानकारी से इंकार किया।