नव निर्वाचित प्रधान को प्रमाण पत्र देते बीडीओ
- फोटो : अमर उजाला
ग्राम पंचायतों में रिक्त ग्राम प्रधान के पद के लिए बीते दिनों चुनाव हुए थे। सोमवार को इसकी मतगणना हुई, जिसमें ग्राम प्रधान की चार सीटों के परिणाम घोषित हुए। इनमें दो सीटों पर महिला व दो सीटों पर पुरुष उम्मीदवारों ने जीत का परचम फहराया। उन्हें अधिकारियों की ओर से जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस दौरान काफी गहमागहमी रही।
त्रिस्तरीय पंचायत का उपचुनाव बीते सप्ताह जिले में हुआ। विकास खंड तेजवापुर के डोकरी, फखरपुर के होलपारा व ब्लॉक चित्तौरा बड़ा गांव तथा बिछला ग्राम पंचायतों में चुनाव हुए। इस उपचुनाव का परिणाम सोमवार को गणना के बाद गहमागहमी के बीच घोषित हुआ।
विकास खंड चित्तौरा के खंड विकास अधिकारी सुशील कुमार अग्रहरी ने बताया कि ग्राम पंचायत बड़ागांव में प्रधान पद के लिए छह उम्मीदवार मैदान में थे। 378 मत पाकर सुरेश तिवारी विजयी घोषित हुए। दूसरे नंबर पर 292 मत पाकर शाबान अली उप विजेता रहे।
वहीं, ग्राम पंचायत बिछिला में 1391 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था। यहां पर दो उम्मीदवार मैदान में थे। जिनमें राजरानी 749 मत पाकर चुनाव जीत गईं। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रामबहोरी 602 मत मिले। वहीं, विकास खंड तेजवापुर के डोकरी ग्राम पंचायत में 1152 मत पाकर रीता सिंह चुनाव जीतीं, जबकि सुनील तिवारी उपविजेता रहीं।
विकास खंड फखरपुर के होलपारा में 588 मत पाकर शिवनाथ चुनाव जीते। यहां पर उपविजेता रेनू देवी रहीं। उन्हें सिर्फ 564 मत मिले। फखरपुर में 23 मत अवैध घोषित हो गए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सभी विजेताओं को खंड विकास अधिकारियों की ओर से जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। प्रमाण पत्र पाते ही प्रधान समर्थक खुशी से झूम उठे। इस दौरान ब्लॉक मुख्यालयों पर गहमागहमी रही।