बहराइच। प्रयागराज महाकुंभ में ड्यूटी पर गए उपनिरीक्षक की बुधवार मौत हो गई। विभाग के मुताबिक उनको वहां पेट दर्द की शिकायत हुई थी। वह जिले में कई वर्षों से तैनात थे। यहां वह कई थानों के प्रभारी रह चुके हैं। मौजूदा समय में उनकी पुलिस लाइन में तैनाती थी।
गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र निवासी उपनिरीक्षक अंजनी राय (49) बहराइच स्थित पुलिस लाइन में तैनात थे और महाकुंभ मेले में अन्य पुलिसकर्मियों के साथ ड्यूटी करने गए हुए थे। बुधवार को उनकी तबीयत बिगड़ने पर मौत हो गई। वहीं, कुछ लोग मंगलवार की रात मेला क्षेत्र में हुई भगदड़ में कुचलने के कारण उनकी मौत होने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
उपनिरीक्षक अंजनी राय जिले के हरदी, बौंडी थाना के साथ ही पुलिस कार्यालय स्थित त्रिनेत्र सेल में भी कार्यरत रह चुके हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती पुलिस लाइन में की गई थी। वहां से उन्हें दिसंबर में मेला ड्यूटी के लिए भेजा गया था। पुलिस लाइन आरआई भुवनेश्वर सिंह ने बताया अंजनी वर्ष 1995 में पुलिस विभाग में तैनात हुए थे। उनके भतीजे ने पेट में दर्द होने के बाद हालत बिगड़ने से मौत होने की जानकारी मिली है।