पयागपुर के प्राथमिक विद्यालय लखाही का जर्जर भवन।
- फोटो : BAHRAICH
खुटेहना (बहराइच)। क्षेत्र के लखाही पुतली तारा गांव के प्राथमिक विद्यालय का भवन जर्जर हो गया है। कायाकल्प योजना से भी इस विद्यालय का कायाकल्प नहीं हो सका है। स्कूल की छत से पानी टपकता है। बरामदे की छत नीचे लटक गयी है। किसी भी समय हादसा हो सकता है। शिकायत के बाद भी विभाग के उच्चाधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
प्राथमिक विद्यालय लखाही पुतली तारा का भवन जर्जर हो गया है। बच्चों के साथ शिक्षक भी जान जोखिम में डालकर जर्जर भवन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। मध्यान्ह्न भोजन के समय बच्चे इसी बरामदे में बैठकर भोजन ग्रहण करते हैं। विद्यालय की छत से पानी टपकता है। छत और दीवारों का प्लास्टर उखड़ गया है।
विद्यालय और तीन अतिरिक्त कक्षों में फर्श नहीं है। एक अतिरिक्त कक्ष में ईंटों के रोडे़ और गोबर भरा है। शेष दो अतिरिक्त कक्षों में जैसे-तैसे पांच कक्षाएं चलतीं हैं। विद्यालय का शौचालय भी बदहाली का शिकार है। विद्यालय की प्रधान शिक्षिका अर्चना गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रधान गुड़िया देवी से कहा गया तो उन्होंने कहा कि बजट नहीं है।
विद्यालय में उपस्थित शिक्षक ज्ञानेंद्र पांडेय व शिक्षामित्र सुनीता सिंह और पूनम सिंह ने विद्यालय के बेहद जर्जर होने पर चिंता जताई। कहा कि कभी भी हादसा हो सकता है। इस विद्यालय में 192 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। संकुल प्रभारी अतुल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अब शासन से विद्यालय भवन की मरम्मत का पैसा नहीं आता है। मरम्मत की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान व जिला पंचायत की है। इस मामले में जिम्मेदारों को सूचना दे दी गयी है।
वहीं, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दद्दन गोस्वामी ने कहा कि गांव सभा के खाते में बजट का अभाव है। कुछ रुपये हैं, जिससे अतिरिक्त कक्षों की मरम्मत कराई जाएगी। विद्यालय भवन निर्माण के लिए धन नहीं है। इस मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष को पत्र लिखा गया है।