बहराइच : मोतीपुर रेंज के कतनिया गांव में तेंदुए के हमले में घायल छात्र।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। मोतीपुर रेंज के टेड़वा कतरनिया पुरवा गांव निवासी एक छात्र शनिवार शाम गन्ने की फसल देखने के बाद खेत से घर जा रहा था। तभी जंगल से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक दो तेंदुए तीन दिन से गांव में गन्ने के खेतों में ठिकाना बनाए हैं।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत टेड़वा कतरनियापुरवा गांव जंगल से सटा है। गांव निवासी बालकराम (17) रूपईडीहा के बाबू बासुदेव पीजी कॉलेज में बैचलर ऑफ फिजिकल एजूकेशन एंड स्पोर्ट्स का छात्र है। शनिवार शाम को वह अपने गन्ने के खेत गया था। खेत की देखरेख करने के बाद बालकराम घर लौट रहा था।
तभी जंगल से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। बालकराम के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े। इस पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पाकर वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र मौर्या टीम के साथ सीएचसी पहुंचे और घायल छात्र का हाल जाना। उन्होंने छात्र को एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। रेंजर ने तेंदुए के हमले की पुष्टि की है। देर रात इलाज के बाद छात्र को घर भेज दिया गया।
पूर्व ग्राम प्रधान रूपाली विश्वकर्मा और मयंक समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिन से दो तेंदुए गांव के चक्कर लगा रहे हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत है। सूचना के बावजूद वन विभाग द्वारा बचाव के कोई इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।