माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से चल रही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा सोमवार को गहमागहमी के बीच शुरू हुई। महसी और नानपारा क्षेत्र में उड़ाका दलों ने छापेमारी की। इस दौरान नानपारा तहसील क्षेत्र के रायबोझा में स्थित एक इंटर कॉलेज में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रही छात्रा को आंतरिक उड़ाका दल ने पकड़ लिया। उसे परीक्षा से वंचित करते हुए कॉपी सील कर एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
सुबह प्रथम पाली में हाईस्कूल के प्रारंभिक गणित व गृह विज्ञान की परीक्षा थी। जबकि इंटरमीडिएट के संगीत गायन प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा हुई। परीक्षा शुरू हुई तो आंतरिक उड़ाका दस्तों ने तलाशी लेनी शुरू की।
इस दौरान कोतवाली नानपारा अंतर्गत रायबोझा गांव निवासी शीतला देवी इंटर कॉलेज में गृह विज्ञान की परीक्षा दे रही छात्रा की कॉपी और प्रवेश पत्र जब उड़ाका दल के मदनलाल वर्मा तथा अनिरुद्ध शुक्ला चेक कर रहे थे तो प्रवेश पत्र पर लगी फोटो और छात्रा के चेहरे में अंतर दिखा। इस पर अनुक्रमांक संख्या 2110588 के बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्र को भेजे गए अभिलेखों की जांच की गई, जिसमें पता चला कि अनुक्रमांक जिस छात्रा को जारी है, वह शादीशुदा है। जबकि परीक्षा कक्ष में मौजूद छात्रा काफी कम उम्र की दिखी।
जब परीक्षा केंद्र प्रशासन ने कड़ाई से पूछताछ की तो छात्रा ने अपना नाम काजोल निवासी गायघाट बताया। वह अनमोल माध्यमिक स्कूल में पूर्व माध्यमिक कक्षा की छात्रा है। इस पर उसकी कॉपी सील कर परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया गया। केंद्र व्यवस्थापक नवलकिशोर वर्मा ने इस मामले में कोतवाली नानपारा में केस दर्ज कराया है। उधर, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र पांडेय ने जिले के आधा दर्जन परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी की। महसी और नानपारा क्षेत्र के कुछ परीक्षा केंद्रों के बाहर भीड़ दिखी। इस पर उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को हिदायत दी।