बहराइच में शनिवार की सुबह छाया कोहरा।
बहराइच। तराई में मौसम की उठापटक लगातार जारी है। शनिवार की सुबह एक बार फिर तेज हवा के साथ बादलों ने तराई में दस्तक दी। इससे गलन बढ़ गई। बादलों की आवाजाही दिनभर जारी रही और दिन में दो बार बूंदाबांदी भी हुई।
तराई में तीन-चार दिनों तक धूप निकलने से लोगों को ठंड से जो राहत मिली थी वो शनिवार की सुबह नहीं मिली। तराई एक बार फिर कोहरे व सर्द हवा की जकड़ में रही। हवा के साथ ही आसमान बादलों से घिरा रहा। इससे सुबह शहर की सड़कें लगभग खाली रहीं और सुबह टहलने वालों की संख्या कम रही। बादलों के चलते दोपहर में भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली और धूप नहीं निकली। शाम के समय कुछ देर के लिए सूर्य देव के दर्शन हुए, लेकिन धूप निस्तेज रही। हवा व बादलों के चलते तराई का तापमान दो डिग्री लुढ़क गया और अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 11.6 डिग्री रहा। वहीं, शुक्रवार को जिले का तापमान 25 डिग्री व न्यूनतम 14 डिग्री दर्ज किया गया था।