बहराइच के कलेक्ट्रेट में बृहस्पतिवार को नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते सपा पदाधिकारी व कार्यक
बहराइच। तहसील महसी के गदामार खुर्द गांव में दो दिन पूर्व हुए भेड़िये के हमले में तीन वर्षीय मासूम की मौत के बाद बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट में सपाइयों ने प्रदर्शन किया। सभी ने महसी में हमले के बाद लोगों की सुरक्षा बढ़ाए जाने के साथ मृतक मासूम के परिजन को 10 लाख का मुआवजा देने की मांग की है। गदामार खुर्द गांव में हुए भेड़िये के हमले में तीन वर्षीय आयुष पाल की मौत हो गई थी। घटना की सूचना पाकर बृहस्पतिवार को सपा के जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव की अगुवाई में पार्टी के पदाधिकारियों की टीम ने गदामार गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारीजनों से मुलाकात की। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने पांच हजार रुपये की धनराशि देकर हर संभव मदद का भरोसा जताया।
उन्होंने वन विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में भी विभाग द्वारा महसी में हो रहे लगातार भेड़िए के हमलों को भेड़िया न बताकर अन्य जानवरों के हमले की बात कहकर टालने का प्रयास किया था। उसका परिणाम सभी सामने है। पीड़ित परिजनों से मिलने के बाद पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और नगर मजिस्ट्रेट से मुलाकात की। इस दौरान सभी ने डीएम को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपकर कहा कि भेड़िए से बचाव को लेकर गांव की सुरक्षा के लिए नेट लगाकर गांव का घेराव किया जाए। मृतक मासूम के परिजन को 10 लाख व घायल को एक लाख की धनराशि मुआवजा के तौर पर दिया जाए।
हिंसक जानवर के हमलों में अभी तक मृत हुए परिवारों को भी सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।
इस मौके पर देवेशचंद्र मिश्रा, उत्तम सिंह, अनिल कुमार यादव, रामजी यादव, नंदेश्वरनंद यादव, अंबरीश कुमार अवस्थी, चंद्रप्रकाश मिश्रा, शैलेश सिंह शैलू, मयंक मिश्रा, अन्नू गुप्ता व अन्य मौजूद रहे।