नासिरगंज कोनिया गांव के निकट खेत में बुधवार रात सपा नेता ने चार साथियों के साथ एक हिरन व तीन वनरोज का शिकार कर डाला। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने विरोध किया तो टकराव की नौबत आ गई। पुलिस ने तीनों वन्यजीवों के शव को कब्जे में ले लिया।
जरवलरोड थाना अंतर्गत नासिरगंज कोनिया गांव में बुधवार रात 12 बजे के आसपास फायरिंग की आवाज सुनाई पड़ी। गांव निवासी रामशंकर ने बताया कि फायरिंग उनके खेत के निकट हो रही थी। इस पर शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा किया गया।
गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां पर एक हिरन व तीन वनरोज तड़प रहे थे, जिनकी थोड़ी देर में मौत हो गई। वहां पर उपधी के ग्राम प्रधान एवं सपा नेता अदलनानुल हक उर्फ मीनू अपने चार सहयोगियों के साथ मौजूद थे।
सभी ने धमकी देकर ग्रामीणों को भगाने की कोशिश की तो संघर्ष की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने पुलिस व वनाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। थानाध्यक्ष धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे। किसी तरह उन्होंने आक्रोशित लोगों को शांत किया।
गोलियां मारने के बाद गला रेता गया
- फोटो : demo pic
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि हिरन को दो गोलियां लगी हुई हैं। जिससे उसकी मौत हुई है। इसके बाद उसका गला रेता गया है। सुबह केस दर्ज करने में हीलाहवाली होते देख कोनिया गांव के लोग काफी संख्या में थाने पहुंच गए।
इसी दौरान थानाध्यक्ष ने गांव निवासी रामशंकर की तहरीर पर ग्राम प्रधान व सपा नेता अदनान पुत्र जफरुल, कदीर, शकील, भुट्टू और तबरेज के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। यह सभी उपधी पट्टी गांव के निवासी हैं।
जिला कार्यकारिणी के हैं सदस्य, होगी कार्रवाई
वनरोज और हिरन के शिकार के मामले में ग्राम प्रधान एवं सपा नेता अदनान पर केस दर्ज होने के मामले में सपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं था।
अदनान ग्राम प्रधान होने के साथ ही संगठन के जिला कार्यकारिणी के सदस्य हैं। घटना अगर सत्य है तो अदनान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।