बहराइच। बाराबंकी से नेपाल स्मैक बेचने की फिराक में जा रहे तस्कर को पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी के दौरान तस्कर के पास से 160 ग्राम स्मैक बरामद हुई। वहीं, इसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक तस्कर को 25 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े के गए तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तस्कर को जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, बरामद स्मैक की अंतर्राष्ट्रीय कीमत 1.85 करोड़ रुपये है।
एसपी विपिन मिश्रा ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दे रखे हैं। दरगाह थानाध्यक्ष मधुपनाथ मिश्र को मुखबिर से सूचना मिला कि बाराबंकी से स्मैक लेकर तस्कर बहराइच के रास्ते नेपाल जाने की फिराक मेें है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष ने अपने साथ एसओजी प्रभारी संजय कुमार सिंह, एसआई कैशर अली सिपाही काजी अफजाल अख्तर, ज्ञानबहादुर सिंह, नवनीत मिश्रा, मो. अख्तर, रवि यादव व नितिन अवस्थी को लेकर माल गोदाम रोड पर पहुंचे।
मुखबिर के इशारे पर स्मैक लेकर आ रहे तस्कर को पुलिस ने रोका तो वह भागने लगा। सादी वर्दी में तैनात एसओजी के सिपाहियों ने घेराबंदी कर ली और दरगाह थानाध्यक्ष व एसओजी प्रभारी ने तस्कर को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान तस्कर की पहचान मो. कलीम अंसारी पुत्र मो. सिद्दीक अंसारी निवासी नाला पीर थाना कोतवाली नगर जिला बाराबंकी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान तस्कर के पास से 160 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
एसपी ने बताया कि गब्बर पुत्र रमजान निवासी नूरी मस्जिद को मुखबिर की सूचना पर एसआई सतीश कुमार गुप्ता व सिपाही विजय नारायण तिवारी ने गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान 25 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। एसपी विपिन मिश्रा ने बताया कि दरगाह थाना क्षेत्र में अलग-अलग बरामद हुए स्मैक की अंतर्राष्ट्रीय कीमत एक करोड 85 लाख रूपये है।