रुपईडीहा में एसएसबी जवानों की ओर से पकड़ी गई युवती व तस्कर।
- फोटो : BAHRAICH
रुपईडीहा (बहराइच)। नेपाल निवासी युवती को नौकरी को झांसा देकर खाड़ी देश ले जा रहे एक तस्कर को एसएसबी जवानों व देहात संस्था की टीम ने पकड़ लिया। जवानों ने युवती को नेपाली संस्था के सुपुर्द कर दिया, जबकि तस्कर को नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया है। नेपाल पुलिस ने कार्रवाई कर तस्कर को जेल भेज दिया है।
नेपाल के बांके जिला निवासी शाहिद खान एक नेपाली युवती को नौकरी का झांसा देकर बहला फुसलाकर चंडीगढ़ ले जा रहा था। चंडीगढ़ से युवती को खाड़ी देश भेजना था। युवक व युवती ने नेपाल सीमा से जैसे ही भारतीय क्षेत्र में प्रवेश किया।
इसी दौरान एसएसबी जवानों व देहात संस्था के पदाधिकारियों ने पूछताछ के लिए रोका। उससे पूछताछ की तो दोनों ने पहले पति-पत्नी बताया। इस पर एसएसबी जवानों ने युवक से कड़ाई से पूछताछ की।
संस्था के सदस्य लक्ष्मी व देवेश ने कहा कि तस्कर ने बताया कि वह युवती को बहला फुसलाकर नौकरी दिलाने के लिए चंडीगढ़ ले जा रहा था। जहां पर उसे 18 हजार रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाता। इस पर एसएसबी जवानों व देहात संस्था के पदाधिकारियों ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
मानव तस्कर शाहिद खान को नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। नेपाल पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि युवती को नेपाल की शक्ति समूह संस्था की निर्मला के सुपुर्द कर दिया गया है।