पंचायत चुनाव की मतगणना ब्लॉक मुख्यालयों पर सुबह आठ बजे से शुरू हुई। शुरुआती दौर से ही गणना का कार्य जिले में काफी धीमा रहा। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बावजूद मतगणना में तेजी नहीं आ पाई। देर शाम चार बजे तक सिर्फ 72 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के परिणाम घोषित हुए। जिला पंचायत सदस्य पद का अभी तक खाता नहीं खुला है। मतगणना धीमी होने से मौके पर मौजूद प्रत्याशी और उनके एजेंट काफी परेशान दिखे। बड़े पैमाने पर मतगणना केंद्रों पर अव्यवस्थाएं नजर आयीं। सोमवार भोर तक मतगणना जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं।
जिले के 14 विकासखंडों में जिला पंचायत के 64 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1608 पदों के लिए चार चरणों में मतदान हुआ था। रविवार सुबह आठ बजे से ब्लॉक मुख्यालय व निर्धारित स्थलों पर मतगणना का कार्य गहमागहमी के बीच शुरू हुआ लेकिन शाम चार बजे तक एक भी जिला पंचायत सदस्य पद का परिणाम घोषित नहीं हो सका। 12 बजे के बाद क्षेेत्र पंचायत सदस्य पद के परिणाम आने शुरू हुए लेकिन चार बजे तक सिर्फ 72 सीटों के परिणाम ही घोषित हो सके हैं। मतगणना का कार्य काफी धीमे होने से प्रत्याशी, समर्थक और एजेंट परेशान रहे। मतगणना कक्ष में सुबह से शाम अफरातफरी के बीच बीती। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विद्याशंकर सिंह का कहना है कि मतपत्र होने के कारण उन्हें छांटने, गड्डी बनाने और गिनती करने में समय लग रहा है। सघनता से मतपत्रों की जांच की जा रही है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। इसी के कारण कुछ देरी लग रही है। कर्मचारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। फिर भी सोमवार भोर तक मतगणना कार्य चलने की उम्मीद है।
पद पद संख्या उम्मीदवार
जिला पंचायत सदस्य 64 1215
क्षेत्र पंचायत सदस्य 1608 9378
लंच पैकेट के लिए 20 मिनट रुकी मतगणना
फखरपुर मतगणना केंद्र पर रविवार तीन बजे तक कर्मचारियों को लंच पैकेट मुहैया नहीं कराए गए। इस पर कर्मचारी भड़क गए। सभी ने काम ठप कर दिया। अफरातफरी की स्थिति बन गई। लंच पैकेट मुहैया कराने की जिम्मेदारी एडीओ पंचायत बालकानंद वर्मा की थी। कर्मचारी और एडीओ पंचायत में तीखी झड़प हुई। इसके कारण 20 मिनट तक मतगणना कार्य ठप रहा। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष एके यादव ने किसी तरह कर्मचारियों को समझाकर शांत किया।
कमिश्नर और डीआईजी ने किया मुआयना
मतगणना की स्थिति जांचने के लिए रविवार को देवीपाटन मंडल के आयुक्त मुरलीधर दूबे और डीआईजी जेपी सिंह पयागपुर पहुंचे। स्थिति जांची। फिर दोनों अधिकारियों ने जिलाधिकारी अभय और एसपी सालिकराम वर्मा के साथ जीजीआईसी, रिसिया, तेजवापुर मतगणना केंद्रों का भी मुआयना किया।
15 कर्मचारी रहे अनुपस्थित
मतगणना कार्य में 15 कर्मी गैरहाजिर रहे। मिहींपुरवा में मतगणना कार्य में लगाए गए सात कर्मचारी रविवार को अनुपस्थित रहे। इसके कारण मतगणना कार्य शुरू होने के समय परेशानी उत्पन्न हो गई। व्यवस्था प्रभारी व खंड शिक्षा अधिकारी शोभनाथ यादव ने तत्काल अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर मतगणना कार्य शुरू कराया। नानपारा में विकासखंड बलहा के मतगणना केंद्र पर आठ कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इन सभी कर्मचारियों के मामले में डीएम को रिपोर्ट भेजी गई है।
मतपत्र की वैधता को लेकर हाथापाई
कैसरगंज मतगणना केंद्र पर रविवार शाम छह बजे के आसपास वार्ड संख्या 58 के जिला पंचायत सदस्य पद के मतपत्रों की गणना हो रही थी। इसी दौरान एक मतपत्र में मुहर बार्डर लाइन पर लगा हुआ था। उसकी वैधता को लेकर प्रत्याशी प्रदीप यादव और हंसराज यादव आमने-सामने आ गए। जमकर हाथापाई हुई। इससे गहमागहमी की स्थिति बन गई। मौके पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।