झाला गांव में शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बाद शनिवार देर शाम नमी के कारण छह मकान भरभरा कर ढह गए। टीन के नीचे बाबा के साथ सो रहे तीन मासूम मामूली घायल हुए हैं। सूचना पर लेखपाल ने गांव पहुंचकर जांच की है। ग्रामीणों को अहेतुक सहायता देने की कार्यवाही की जा रही है।
मोतीपुर थाना अंतर्गत ग्राम झाला निवासी सांवली प्रसाद शनिवार को परिवार के साथ लेटे हुए थे। इसी दौरान अचानक टीनशेड की दीवार गिर पड़ी। सांवली और उनकी पोती सुलोचना, आरती और पौत्र अर्जुन के ऊपर टीन गिर पड़ा। टीन गिरने से तीनों मासूम घायल हो गए।
उधर, गांव निवासी माधवराम, छोटेलाल, इतवारी, अच्छेलाल और जगदीश के मकान भी बरसात में नमी के कारण गिर गए हैं। ग्राम प्रधान शीतला प्रसाद जायसवाल ने ग्रामीणों के घर गिरने की सूचना तहसील प्रशासन को दी। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल राम प्रसाद वर्मा ने गांव पहुंचकर जांच शुरू की है।
लेखपाल ने बताया कि टीनशेड गिरने से बच्चों को अधिक चोट नहीं आई है। मकान गिरने की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी जा रही है।