बहराइच/शिवपुर/महसी। साहब..मैं वेल्डिंग का कार्य करता हूं। साल 2020 में मैंने वीडीओ संजीत कुमार के कहने पर प्राइमरी स्कूलोंं में लोहे के झाल, खिड़की, दरवाजा आदि का कार्य किया था। जिसके 5.23 लाख रुपये हुए थे। लेकिन वीडीओ संजीत कुमार ने महज 1.28 लाख का ही भुगतान किया। कार्यालय जाने पर पता चला कि उन्होंंने पूरा भुगतान निकाल लिया है। जिसके बाद से लगातार चक्कर काट रहा हूं, भुगतान करवा दीजिए। उक्त शिकायत नानपारा तहसील में एसडीएम लालधर यादव की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कसगर टोला निवासी शब्बू ने की।
शब्बू की शिकायत पर एसडीएम ने अधीनस्थ अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट साैंपने का निर्देश दिया। इस दौरान तहसीलदार अंबिका चौधरी, ईओ रंग बहादुर यादव आदि मौजूद रहे। डीएम की अनुपस्थिति में महसी में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता सीडीओ मुकेश चंद्र व एसपी रामनयन सिंह ने की। इस दौरान 29 शिकायती पत्र आए, जिसमें से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। पयागपुर में 25 में से चार, सदर में 17 में से तीन, मिहींपुरवा में 10 शिकायतों में से दो, कैसरगंज में आईं 42 शिकायतों में से पांच व नानपारा में 40 शिकायती पत्रोंं में से आठ का मौके पर निस्तारण किया गया।
तालाब की जमीन पर कर लिया कब्जा
कुछ दबंगों ने तालाब की जमीन पर अवैध अतिक्रमण कर लिया है। कई बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैैं। कब्जे के कारण जलनिकासी की समस्या खड़ी हो गई है।
गंगाराम, चरदा, नानपारा
दोनों पैरों से दिव्यांग हूं, ट्राईसाइकिल मिली न राशनकार्ड
दोनों पैरों से दिव्यांग हूं। बैटरी से चलने वाली ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन किया था। लेकिन नहीं मिली। वहीं राशन कार्ड भी नहीं है। डीएम मैडम से मांगने पहुंचा था, लेकिन वह आई ही नहीं।
इस्माइल, पूरे बस्ती गड़रिया महसी
खेत में लगे पेड़ को जबरन काटने का प्रयास
मेरे खेत में नीम का हरा पेड़ लगा है। जिसे कुछ लोग जबरन काटना चाहते हैं। कई बार शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं हो रही है।
सर्वेश कुमार, पचदेवरी महसी
दबंगों ने काट ली गेहूं की फसल
मेहनत करके गेहूं की फसल उगाई थी। जब फसल तैयार हुई तो कुछ दबंगों ने जबरन काट ले गए। न्याय के लिए भटक रहा हूं।
देवी प्रसाद, सरयूपुरवा महसी