मथुरा में सराफा व्यवसायियों के साथ हुई लूट और हत्या की वारदात के विरोध में शुक्रवार को व्यवसायियों ने दुकानें बंद रखकर प्रदर्शन किया। बहराइच में नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया। उधर, नानपारा बाजार में भी दुकानें बंद कर व्यवसायियों ने प्रदर्शन किया। सभी ने मामले में सरकार से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
सराफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमित खन्ना की अगुवाई में व्यापारी जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। सभी व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। अध्यक्ष ने कहा कि सराफा व्यवसायियों के साथ आए दिन हो रही छिनैती, लूट, हत्या की घटनाओं से व्यवसाय करना मुश्किल हो रहा है। मथुरा में हुई घटना का पुलिस तत्काल खुलासा करे और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। सराफा व्यवसायियों को शस्त्र लाइसेंस भी निर्गत किए जाएं।
प्रदर्शन के बाद नगर मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर रामनरेश सोनी, हरपाल सोनी, राजेश रस्तोगी, रामकुतार, हफीज खां, सुभाष अग्रवाल आदि मौजूद रहे। उधर, सराफा एवं स्वर्णकार संघ नानपारा के अध्यक्ष अयोध्या प्रसाद सोनी की अध्यक्षता में व्यापारियों की बैठक हुई। जिसमें अध्यक्ष ने कहा कि मथुरा में दो दिन पूर्व हुई लूट व हत्या की वारदात से कारोबारी दहशत में हैं।
व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। इस घटना से व्यापारी दुकानें खोलने से भी डर रहे हैं। दिनदहाड़े हुई वारदात का सरकार को जल्द से जल्द खुलासा करना चाहिए। साथ ही व्यापारियों की सुरक्षा के भी इंतजाम किए जाएं।
नानपारा नगर में व्यापारियों ने सभी सराफा दुकानों को बंदकर विरोध जताया। इस दौरान संगमलाल रस्तोगी, कृष्णपाल रस्तोगी, सुधीर रस्तोगी, आनंद रस्तोगी, प्रेमचंद सोनी, श्याम कुमार रस्तोगी, अरशद खान, जावेद, सलीम कादरी, अमित यज्ञसैनी, राजेंद्र सोनी आदि मौजूद रहे।