तेजवापुर (बहराइच)। कोतवाली देहात के बेड़नापुर चौकी क्षेत्र में सोमवार को डीजे पर डांस करने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान आरोप है कि एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें गर्भवती महिला समेत सात लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु की है।
कोतवाली देहात के बेड़नापुर चौकी क्षेत्र की ग्राम पंचायत तेजवापुर निवासी जयनारायण के घर के बाहर होली को लेकर डीजे लगा था, जहां उनके घर की महिलाएं व बच्चियां डांस कर रही थीं। जयनारायण के भतीजे रोहित ने बताया कि इस दौरान तेलिनपुरवा गांव निवासी संदीप, निरंकार व गुलशन मौके पर पहुंचे और जबरन महिलाओं व बच्चियों के साथ डांस करने लगे, जिस पर उन्हें समझा कर मौके से हटाया गया।
इस दौरान तीनों ने गालीगलौज की। जिस पर इसकी शिकायत उनके घर जाकर उनके परिजनों से की। जिस पर सभी भड़क गए और मारपीट पर उतारू हो गए। रोहित ने आरोप लगाया कि विवाद की जानकारी होने पर उनके घर की गर्भवती मालती देवी, सरिता, राहुल, अमित, जयनरायण, घनश्याम आदि मौके पर पहुंचे, तो विपक्षियों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। जिसमें दो महिलाओं समेत सभी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया।
कोतवाल देहात बृजेन्द्र मिश्रा ने बताया कि मारपीट की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। जयनारायण पक्ष की तहरीर पर पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर तीन पर शांतिभंग की कार्रवाई की है। साथ ही दूसरे पक्ष की तहरीर पर तीन पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।