फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: पहले दिन रंग के नशे में डूबे होरियारे, दूसरे दिन पुलिस ने लगाए ठुमके

Wed, 27 Mar 2024 12:42 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
श्रावस्ती। होरियारों की टोली ने रंग-गुलाल के साथ सोमवार को खूब हुड़दंग किया। वहीं दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस ने डीजे की धुनों पर ठुमके लगाए। जबकि थारू बाहुल्य गांवों में दूसरे दिन जमकर कीचड़ की होली खेली। त्योहार के दौरान कोई अप्रिय घटना न होने के कारण गुझिया की मिठास बरकरार रहीं। सुरक्षा के मद्देनजर गांव से लेकर शहर तक हर जगह पुलिस व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे।
विज्ञापन



जिले में सोमवार को होलिकोत्सव परंपरागत ढंग से मनाया गया। जिले में रविवार को होलिका दहन हुआ। इसके साथ ही गांव व नगर में होलियारों की टोली रंग गुलाल-अबीर उड़ाते हुए फगुआ गीत पर झूमती नजर आई। होली समितियों की ओर से सोमवार को जिले में 12 स्थानों पर जुलूस निकाला गया। होली का हुड़दंग भिनगा में सुबह नौ बजे से ही शुरू हुआ। होलियारों का कारवां नगर की ओर बढ़ गया।


यह कारवां पुरानी बाजार से होता हुआ ईदगाह पहुंचा। यहां डीजे पर बजने वाले होली गीत पर होलियारों ने जमकर ठुमके लगाए। इसी तरह इकौना में भी होलियारों ने डीजे की धुनों पर ठुमके लगाते हुए खूब गुलाल उड़ाया। जिले भर में दोपहर बाद तक रंगों की बौछार के कारण अघोषित बंदी जैसा माहौल रहा। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक होली जुलूस के साथ मजिस्ट्रेट व पुलिस बल तैनात रहा।
विज्ञापन



होलिका दहन का कार्यक्रम
भिनगा नगर के सत्ती चौरा मोहल्ले में स्थित होलिका दहन स्थल पर पारंपरिक रीति रिवाज से मनाया गया। इस दौरान नगर के सैकड़ों लोग एकत्र हुए और होलिका दहन के बाद पूजन-अर्चन कर खेतों में तैयार नए अनाज को भूनकर प्रसाद के रूप में परिवार समेत ग्रहण किया। इस दौरान भिनगा में भगवान नरसिंह की रथयात्रा भी निकाली गई।


टूटते रहे नियम
होली पर जिला प्रशासन ने रविवार रात दस बजे से ही शराब व भांग की दुकान बंद करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद भी जिले में होली के दिन भी इस पर प्रतिबंध न लग सका। दुकानदारों ने सारा दिन चोरी-छिपे शराब बेची। यही हाल वाहनों का भी रहा। लोगों ने न सिर्फ शराब पीकर वाहन चलाया, बल्कि दोपहिया वाहनों पर तीन व उससे अधिक सवारियां बैठाकर फर्राटा भरते दिखे।



अधिकारियों ने भी उड़ाया रंग
होली का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के बाद मंगलवार को पुलिस ने भी डीजे की धुनों पर जमकर होली खेली। इस दौरान पुलिस लाइन मैदान में पुलिसिया होलियारों ने कपड़ा फाड़ ठुमके भी लगाए। होलियारों की टीम अधिकारियों के आवास व अग्निशमन केंद्र सहित कोतवाली जाकर होली का हुड़दंग किया। वहीं थानों व पुलिस चौकियों में भी मंगलवार को पुलिस कर्मियों ने जमकर होली खेली।


आयोजित हुआ होली मिलन समारोह
कटरा (श्रावस्ती)। होली महासमिति इकौना की ओर से सोमवार शाम रामलीला मैदान में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। ओमप्रकाश त्यागी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय मौजूद रहे। इस दौरान कन्हैया कसौधन, राजकुमार गुप्ता, अरुण कुमार खोसला, प्रेम सिंह नायक, सत्यवर्धन गोयल, सुरेश तिवारी, घनश्याम, अजय जायसवाल, नरेंद्र कुमार जायसवाल, विहिप इकौना के अध्यक्ष रघुपति पांडे आदि मौजूद रहे। वहीं जमुनहा में भी मंगलवार होली मिलन समारोह आयोजित हुआ। जिसमें मौजूद लोगों ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें