रुपईडीहा (बहराइच)। क्षेत्र निवासी एक युवक पांच दिन पूर्व कोरोना पॉजिटिव मिला था। इसके बाद हुई जांच में युवक की भाभी भी कोरोना संक्रमित मिली थी। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमित के टच में आए 16 लोगों का सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा है। इसके साथ ही 25 लोगों की रैंडम जांच हुई है।
नवाबगंज विकास खंड के चरदा में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अर्चित श्रीवास्तव ने बताया कि क्षेत्र में बाहर से आने वाले लोगों की रैंडम जांच की जा रही है। अब तक क्षेत्र के 25 लोगों की रैंडम जांच की गई है। उन्होंने बताया कि बाबागंज पुरानी बाजार निवासी एक युवक मुंबई से आया था।
वह कोरोना पॉजिटिव निकला। साथ ही युवक की भाभी भी कोरोना संक्रमित निकलीं। इस पर संक्रमित के टच में आए 16 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया। इसके अलावा जिला मुख्यालय से आए शमशाद अहमद और पुनीत जायसवाल की अगुवाई में मेडिकल स्टोर, होटल संचालक समेत 25 लोगों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।