मिहींपुरवा। मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को मिहींपुरवा तहसील मुख्यालय स्थित सर्वोदय डिग्री कॉलेज की छात्राएं प्रशासनिक अधिकारी की भूमिका में नजर आईं। बीएससी प्रथम वर्ष की सावित्री ने जहां एसडीएम मिहींपुरवा की कुर्सी संभाली, तो वहीं बीए प्रथम वर्ष की निशा को तहसीलदार और बीए तृतीय वर्ष की निशा कुमारी को नायब तहसीलदार की जिम्मेदारी सौंपी गई।
तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम राम दयाल ने छात्राओं को प्रशासनिक कार्यों की जानकारी देते हुए जिम्मेदारी का बोध भी कराया। इस दौरान छात्राओं ने समाधान दिवस के तहत आईं जनता की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के उपाय सुझाए।
एसडीएम की कुर्सी पर बैठकर सावित्री ने न केवल फरियादियों की समस्याएं सुनीं, बल्कि समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए। इसी तरह तहसीलदार निशा और नायब तहसीलदार निशा कुमारी ने भी ग्रामीणों की शिकायतों का गंभीरता से निपटारा किया। छात्राओं के इस आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन से पूरे कॉलेज परिवार में उत्साह का माहौल रहा।
कॉलेज के प्राचार्य संजय श्रीवास्तव व उप प्राचार्या नम्रता श्रीवास्तव ने भी छात्राओं के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभवों से छात्राओं में समाजसेवा की भावना के साथ प्रशासनिक समझ भी विकसित होती है। इस मौके पर अधिकारियों व कर्मचारियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।