बिछिया। शारदा सहायक परियोजना इंटर कॉलेज गिरिजापुरी में शनिवार को वन्य प्राणी सप्ताह के तहत रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व कतर्नियाघाट के वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने किया। कार्यक्रम में नेचर एनवायरमेंट एंड वाइल्डलाइफ सोसाइटी (न्यूज) संस्था ने भी सहभागिता निभाई।
इस बीच हुई चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने कागज पर वन्यजीवों के सुंदर चित्र उकेरे और मानव-वन्य जीव सहअस्तित्व पर अपने विचार निबंध के रूप में प्रस्तुत किए।
वन दरोगा राधेश्याम और वनरक्षक अब्दुल सलाम ने बच्चों को पौधों के महत्व के बारे में जानकारी दी। वन्य जीव रक्षक दीक्षा शुक्ला ने बच्चों का मार्गदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सात अक्तूबर को कतर्नियाघाट में डीएफओ सूरज सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रतिभा रंजन व नेचर एनवायरमेंट एंड वाइल्डलाइफ सोसाइटी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।