नानपारा (बहराइच)। नगर निवासी अधिवक्ता की कोराना संक्रमण से मौत हो गई है। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतक के परिवार के 28 व तहसील के अधिवक्ता व कर्मचारियों समेत 50 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा। इनमें स्टेट बैंक के दो कर्मचारी भी शामिल हैं। मोबाइल टीम व स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी के सैंपल लिए गए हैं।
नानपारा नगर के मोहल्ला जुबलीगंज स्टेशन रोड निवासी कोरोना संक्रमित अधिवक्ता की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य परीक्षण तेज कर दिया है। जिला मुख्यालय से भेजी गई मोबाइल टीम के एलटी राजेश कुमार पांडेय व सीएचसी अधीक्षक डॉ. चंद्रभान की अगुवाई में डॉ. अविनाश, चंदन मिश्रा, मनीकांत ओझा, शालिनी पांडेय, आरके विश्वास आदि स्वास्थ्य कर्मियों ने जोन के 350 घरों में सर्वे किया। थर्मल स्क्रीनिंग कर सभी के लक्षण जांचे।
डॉ. चंद्रभान ने बताया कि मृतक अधिवक्ता के परिवार के 28 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है जबकि तहसील के अधिवक्ता व कर्मचारियों समेत 22 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। डॉ. चंद्रभान ने बताया कि स्टेट बैंक के दो कर्मचारी 10 दिनों से खांसी व बुखार से ग्रसित थे। इस पर इनका भी सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। इन दोनों को घर पर रहने की सलाह दी गई है।