शासन के निर्देश पर सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति को लेकर डीएम के निर्देश पर गुरुवार को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने जल निगम व पीडब्ल्यूडी के चार कार्यालयों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक्सईएन व चार एई के साथ लगभग 65 जूनियर इंजीनियर दफ्तरों से नदारद मिले। इस पर डीएम ने सभी का वेतन रोक दिया। साथ ही तीन दिन में स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
डीएम अजयदीप सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ज्योति सिंह ने जल निगम कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां एक्सईएन आरबी राम मौजूद मिले। जबकि इनके अधीनस्थ 14 जेई नदारद थे।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड कार्यालय के निरीक्षण में एई आरके चौबे तथा यूपी यादव अनुपस्थित पाए गए। इसके अतिरिक्त विभाग में कार्यरत 28 अवर अभियंता न तो उपस्थित मिले और न हीं इस संबंध में कोई मूवमेंट रजिस्टर पर दर्ज किया गया था।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड एक के निरीक्षण के दौरान एक्सईएन आरके दोहरे उपस्थित नहीं मिले। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड दो के निरीक्षण में कार्यालय से छह जेई नदारद मिले। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड तीन के निरीक्षण मेें विभाग में कार्यरत 10 अवर अभियंता में केवल अहमद रिजा खान उपस्थित मिले। शेष कोई अवर अभियंता न तो उपस्थित मिले और न हीं उनके संबंध में मूवमेंट रजिस्टर पर कोई इंट्री होना पाया गया।
इस पर डीएम ने सभी नदारद मिले कर्मियों का वेतन रोक दिया। कार्यालय कैंपस में ऑफिस में व बाउंड्री के बाहर गंदगी पाये जाने पर तुरंत पर्याप्त सफाई कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सचेत किया है कि समयबद्धता के साथ कार्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित कर अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन पूरी संजीदगी के साथ करें।