फखरपुर (बहराइच)। प्रॉपर्टी डीलर से जमीन का सौदा करने के नाम पर 95 लाख की धोखाधड़ी करने वाले सहारनपुर निवासी हासिम को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस इससे पूर्व दो आरोपियोंं को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
फखरपुर क्षेत्र के कुंडासपारा निवासी एजाज अहमद प्रॉप्रर्टी डीलिंग का काम करते हैं। बीते दिनों मुजफ्फरनगर व सहारनपुर जिले से कुछ लोग उनके पास आए थे। साथ ही मुजफ्फरनगर में 52 बीघे जमीन होने की बात कही थी और जमीन का सौदा पांच करोड़ 46 लाख रुपये में तय हुआ था। एजाज अहमद का आरोप है कि फर्जी स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट कर उनसे 60 लाख रुपये नकद व 35 लाख रुपये का चेक लिया गया। लेकिन विपक्षियोंं ने बैनामा नहीं किया। जब उन्होंने बैनामे का दबाव बनाया तो टाल-मटोल करने लगे। यही नहीं जब वह अपने पैसे मांगने पहुंचे तो उन्हेंं जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने चार नवंबर को फखरपुर थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था।
थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि उप निरीक्षक वीरेंद्र मिश्रा, आशुतोष सिंह व हमराही अनिल यादव ने ठगी के तीसरे आरोपी सहारनपुर जिले के गंगोर क्षेत्र के ग्राम कुंडा खुर्द निवासी हासिम को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उन्होंने बताया कि दो आरोपियोंं को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। चौथे आरोपी की तलाश जारी है।