बैंकों मेें कैश की कमी दूर नहीं हो पा रही है। इससे बैंक ग्राहकों की परेशानी बढ़ती जा रही है। बैंकों में भीड़ लगातार बेकाबू हो रही है। गुरुवार को मिहींपुरवा में इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक गायघाट शाखा में कैश की कमी पर बिफरे लोगों ने प्रबंधक के साथ मारपीट की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली।
इस घटना में बैंक प्रबंधक ने प्रधान के पति समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में एटीएम सेवाएं भी बदहाल रहीं। इससे भी लोगों की दिक्कतें बढ़ीं। पांच सौ और हजार के नोट बंद होने के बाद उन्हें बदलने व जमा करने के साथ खाते से कैश निकालने के लिए लगातार बैंकों में भीड़ उमड़ रही है।
गुरुवार सुबह भी बैंक खुलने से पहले लोग गेटों पर उमड़ पड़े। ग्रामीण क्षेत्र की बैंकों में लंबी कतारें लग गईं लेकिन बैंक कर्मी कैश आवंटित नहीं होने की बात कहकर किनारा कसने लगे। 11:30 बजे के करीब मोतीपुर क्षेत्र में गायघाट स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक पर लोगों की भीड़ बेकाकू थी।
उसी बीच बैंक के चैनल गेट पर कैश नहीं होने का बोर्ड टांग दिया गया। इस दौरान समर्थकों संग पहुंचे गायघाट के प्रधान पति अमिरका प्रसाद ने गेट खुलवाने का प्रयास किया। बैंक प्रबंधक विनोद पांडेय चैनल गेट पर पहुंचे लेकिन गेट खोलने से इंकार कर दिया। पैसे का अभाव बताया। इस पर झड़प हो गई।
चैनल गेट के पास आए बैंक प्रबंधक विनोद का कॉलर पकड़ प्रधान पति ने खींच लिया। उनके साथ मारपीट की। इस घटना में प्रबंधक को चोटें भी आईं। हालात बेकाबू होते देख प्रबंधक ने पुलिस को सूचना दी। एसएसआई विनोद अग्निहोत्री दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया।
बैंक प्रबंधक विनोद पांडेय ने प्रधान पति अमिरका प्रसाद को नामजद करते हुए तीन अन्य के खिलाफ हमला करने, जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी है। उधर फखरपुर, महसी, कैसरगंज, शिवपुर, मिहींपुरवा, नवाबगंज, रुपईडीहा के बैंकों में भी अधिकारी पैसे का अभाव बताते ग्राहकों को लौटाते रहे।